मुज़फ्फरनगर। शहर को स्मार्ट और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगरपालिका परिषद का एक और बड़ा कदम सामने आया है। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शुक्रवार को नगर के पाँच प्रमुख वार्डों में 150 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 10 सीसी सड़कों का लोकार्पण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष का पुष्पमालाओं से अभिनंदन कर उनका स्वागत किया।
इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिलने के साथ-साथ जलभराव जैसी पुरानी समस्याओं से भी निजात मिलेगी। पालिका द्वारा जिन क्षेत्रों में ये सड़कें बनाई गई हैं, उनमें मौहल्ला खालापार, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, आनंदपुरी कच्ची सड़क और गांधी कॉलोनी शामिल हैं। राज्य वित्त के तहत प्राप्त राशि से वार्ड 3 में 30 लाख रुपये की लागत से दो सड़कें, वार्ड 11 में 40 लाख से तीन सड़कें, वार्ड 16 में 20 लाख से एक सड़क, वार्ड 37 में 30 लाख से दो सड़कें, और वार्ड 39 में 30 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कें और नालियों का निर्माण कराया गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक स्वरूप देने का हमारा संकल्प है। यह सड़कें केवल कंक्रीट की परत नहीं, बल्कि विकास की दिशा में उठाया गया ठोस कदम हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी प्राथमिकताएं हैं और वर्षों से लंबित विकास कार्यों को अब तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। आने वाले समय में हर वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे इन सुविधाओं को अपनी संपत्ति समझकर उनकी रक्षा करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। जनसहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, मंडल अध्यक्ष नंद किशोर, भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण खेड़ा, राधे वर्मा, दुलारी मित्तल, मनी पटपटिया, सभासद अनीता हसीब राणा, शहजाद चीकू, अमित पटपटिया, प्रशांत बालियान, रविकांत शर्मा उर्फ काका, प्रियांक गुप्ता, जेई कपिल कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










Discussion about this post