खतौली। मुजफ्फरनगर में अचानक दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर एक भट्ठा मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर की अचानक मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शोरम गांव निवासी गुलफाम ने ईंट भट्ठा ठेके पर ले रखा है। बताया गया कि मंगलवार को भट्ठे पर काम करने वाला रतनपुरी निवासी दीपचंद का बेटा राजन दीवार के नीचे ईंटें लगा रहा था। इस दौरान अचानक दीवार भरभराकर राजन के ऊपर गिर गई। हादसे में मजदूर राजन ईंटों के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने राजन को ईंटों के नीचे से निकाला और सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 20 वर्षीय राजन को मृत घोषित कर दिया।
राजन की अचानक मौत होने की खबर इसके घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन परिजन ग्रामीणों के साथ भट्टे पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रतनपुरी पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक तेज सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।










Discussion about this post