सहारनपुर। बेहट क्षेत्र के हरिपुर गाँव में बीती रात करीब तीन बजे भोपाल सिंह के मकान के लिंटर का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया। कमरे में सो रहे तीन बच्चे मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें 13 वर्षीय बेटी मोहिनी की हालत गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जबकि उसके दो भाई-बहन जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
हादसे के वक्त भोपाल सिंह और उनकी पत्नी पशुशाला में सो रहे थे, जबकि उनके तीन बच्चे मकान के कमरे में सो रहे थे। अचानक छत के लिंटर का एक बड़ा टुकड़ा ऊपर से गिर गया। मोहिनी गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि कृष्णा (8) और सबसे छोटी बेटी को भी चोटें आईं।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और भोपाल सिंह परिवार के सदस्य मलबे के नीचे से बच्चों को निकाला। गंभीर हालत में मोहिनी को सबसे पहले सीएचसी बेहट लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज पिलखनी और फिर चंडीगढ़ पीजीआई भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मकान की कई जगह दरारें आ गई हैं और मकान झुक गया है।











Discussion about this post