मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रविवार को मेरठ के गन्ना भवन में आयोजित विशाल किसान पंचायत को संबोधित करते हुए आर-पार की लड़ाई का शंखनाद किया। उन्होंने किसानों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि जमीन किसान की है, लेकिन अपनी ही फसल का दाम तय करने की ताकत उसके पास नहीं है, जो केवल मजबूत आंदोलन से ही हासिल की जा सकती है।
प्रदूषण और बाहरी कचरे पर कड़ा रुख-
राकेश टिकैत ने प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “सरकार प्रदूषण के नाम पर किसानों के पुराने ट्रैक्टरों को तो रोक रही है, लेकिन बाहरी राज्यों से कचरा लेकर आने वाले ट्रक दिन-रात शहरों में जहर घोल रहे हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि अब मुजफ्फरनगर, मेरठ या अन्य किसी भी शहर में बाहरी कचरा लेकर आने वाले ट्रकों को वापस नहीं जाने दिया जाएगा।
लखनऊ कूच की तैयारी और अरावली बचाओ अभियान-
टिकैत ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो अगला मोर्चा लखनऊ में खोला जाएगा। उन्होंने कहा, “हम पहले मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे, यदि बात नहीं बनी तो लखनऊ की सड़कों पर बड़ा आंदोलन होगा।” इसके अलावा उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अरावली की पहाड़ियों को बचाने हेतु भी आंदोलन शुरू करने का एलान किया।
किसानों की 8 सूत्रीय प्रमुख मांगें-
भाड़ा कटौती: बिना किसी तर्क के बढ़ाए गए 35% भाड़े को तुरंत घटाया जाए।
हाड़ा में वृद्धि: घटाए गए ‘हाड़ा’ को पिछले पेराई सत्र के बराबर किया जाए।
गन्ना प्रजाति मूल्य: अस्वीकृत गन्ना प्रजातियों का मूल्य पिछले वर्षों की तरह बढ़ाया जाए।
समान खरीद: अगेती और सामान्य प्रजातियों के साथ ही अस्वीकृत प्रजातियों की संतुलित खरीद हो।
मानक आधारित भाड़ा: गन्ना तौल केंद्रों की हवाई दूरी के आधार पर ही भाड़ा वसूला जाए।
नई प्रजाति स्वीकृति: पड़ोसी राज्यों की गन्ना प्रजातियों को यूपी में भी मान्यता मिले।
खतौनी सुधार: रियल टाइम खतौनी में लेखपालों के भ्रष्टाचार पर रोक लगे और अंश निर्धारण की प्रक्रिया सरल हो।
लंबित मामले: तहसीलों में डोल बंदी और नामांतरण जैसे लंबित कार्यों का समय सीमा में निस्तारण हो।
इस पंचायत में मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली समेत आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में किसान पहुंचे। राकेश टिकैत ने साफ किया कि किसान अब झुकने वाला नहीं है और हक मिलने तक धरना जारी रहेगा।











Discussion about this post