मुज़फ्फरनगर। जिला अस्पताल के पीछे स्थित एक मस्जिद से तेज़ आवाज़ में बज रहे लाउडस्पीकर की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाउडस्पीकर हटा दिए। यह शिकायत हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार साधू ने जिलाधिकारी से की थी। शिकायत में बताया गया कि मस्जिद से आने वाली तेज़ आवाज़ जिला महिला अस्पताल में भर्ती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही थी।
शिकायत के अनुसार, महिला अस्पताल के वार्डों में डिलीवरी के दौरान अत्यधिक शोर से मरीजों, खासकर महिलाओं और नवजात शिशुओं की शारीरिक व मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही थी। ध्वनि प्रदूषण के मानकों के अनुसार, अस्पताल क्षेत्र में ध्वनि स्तर 50 डेसीबल से अधिक नहीं होना चाहिए, लेकिन मौके पर यह सीमा से कहीं अधिक पाया गया।
हिंदू संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से फोन पर संपर्क कर इस समस्या से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मस्जिद से तेज़ आवाज़ वाले लाउडस्पीकर को हटा दिया गया।
इस कार्रवाई से अस्पताल में भर्ती मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।











Discussion about this post