मेरठ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ऑपरेशनल यूनिट मेरठ और टीपी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 122 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये आंकी गई है।
एएनटीएफ लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसपी भगवान दास के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने एक बुलेरो मैक्स पिकअप और एक बाइक के साथ पांच आरोपियों—अनुज कुमार (निवासी आदमपुर, थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर), रचित कुमार (निवासी रामजी नगर, थाना ताजगंज, आगरा), जॉनी कुमार (निवासी जलालपुर, थाना आदर्श मंडी, शामली), जतिन कुमार (निवासी पेलखा, थाना गढ़ी पुख्ता, शामली), और अनिकेत (निवासी गढ़ी सखावतपुर, थाना बुढाना, मुजफ्फरनगर)—को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अनुज कुमार ने कबूला कि वह पूर्व में भी थाना शाहपुर और जानसठ (मुजफ्फरनगर) से गांजा तस्करी में दो बार जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से यह गैरकानूनी काम शुरू कर दिया और उड़ीसा से गांजा मंगवाकर अपने साथियों के साथ मिलकर शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और एनसीआर में सप्लाई करता था। हर नई खेप पर अलग से मोटी रकम तय होती थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।











Discussion about this post