मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंडवारा रोड स्थित एक पान की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने को लेकर साकिब और समद नाम के दो युवकों का कुछ अज्ञात युवकों से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि अज्ञात युवकों ने मौके पर ही दोनों युवकों पर हमला कर दिया। साकिब जान बचाकर पास के एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और लाठी, डंडों व बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 10 से 15 मिनट तक साकिब को लगातार पीटा। साकिब चीखता रहा, रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों ने एक न सुनी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। बुढाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए हैं।
घायल साकिब को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post