मुजफ्फरनगर। कोतवाली क्षेत्र के गांव काटका में एक विवाहिता के साथ दुराचार और अश्लील सामग्री वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है और चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
महिला के पिता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी की शादी 20 जून 2025 को राशिद पुत्र यासीन निवासी सिसोला बुजुर्ग के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी से पहले गांव का ही एक युवक, आलीशान, उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसा चुका था।
अश्लील वीडियो और पति को धमकी का आरोप-
तहरीर के अनुसार, आरोपी आलीशान ने शादी से पहले उनकी बेटी को एक मोबाइल दिया था और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार करता रहा। शादी होने के बाद भी, आरोपी लगातार महिला पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।
जब महिला ने आरोपी की बात मानने से इनकार कर दिया, तो आलीशान ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, जब महिला नहीं मानी, तो आरोपी ने उसके पति को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजे, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने इस संबंध में बताया कि महिला के पिता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।










Discussion about this post