मुजफ्फरनगर। छपार टोल प्लाजा पर डिप्टी मैनेजर हत्याकांड के बाद उपजा विवाद अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। बुढ़ाना के ब्लॉक प्रमुख और टोल ठेकेदार विनोद मलिक (रालोद नेता) की तहरीर पर छपार थाना पुलिस ने त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील उर्फ़ मांगेराम त्यागी पुत्र हरिशंकर और उनके दो साथियों परविंदर व दीपक के खिलाफ रंगदारी (एक्सटॉर्शन) सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मुकदमे का आधार और आरोप-
यह मुकदमा 19 सितंबर को हुए टोल प्लाजा के डिप्टी मैनेजर हत्याकांड के बाद शुरू हुए विवाद से जुड़ा है। रालोद नेता विनोद मलिक ने एसएसपी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि:
मांगेराम त्यागी व उनके साथियों ने टोल कर्मियों को भड़काकर प्लाजा की कार्यप्रणाली में बाधा डाली।
उन्होंने टोल पर काम ठप कराकर कंपनी को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुँचाया।
टोल प्रबंधन से हर महीने एक लाख रुपये रंगदारी के रूप में मांगने की धमकी दी।
एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने जाँच के बाद यह मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया है कि 19 सितंबर को टोलकर्मी दीपक और परविंदर ने अपने साथियों के साथ मिलकर डिप्टी मैनेजर का अपहरण कर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी।
मांगेराम त्यागी की तीखी प्रतिक्रिया और आंदोलन का ऐलान-
FIR का स्वागत और चुनौती: उन्होंने कहा कि वह इस मुकदमे से नहीं डरते, बल्कि इसका स्वागत करते हैं। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा कि वह बहुत जल्द सर्वसमाज के लोगों (त्यागी, ब्राह्मण, गुर्जर, जाट, पाल, कश्यप और दलित) के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे।
जनप्रतिनिधियों पर आरोप: उन्होंने मुजफ्फरनगर के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर हमला बोलते हुए उन पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन पर ₹10 लाख की संपत्ति थी, आज वे हज़ारों करोड़ के मालिक बने बैठे हैं।
राजनीतिक चेतावनी-
मांगेराम त्यागी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी ब्राह्मण समाज के युवक की हत्या के बाद न्याय की लड़ाई लड़ने वालों पर मुकदमा दर्ज कराने का परिणाम भुगतना होगा। उन्होंने सपा, कांग्रेस और बसपा पर भी चुप रहने का आरोप लगाया।
चुनाव लड़ने का ऐलान-
उन्होंने ऐलान किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारेंगे।
त्यागी ने कहा कि उनकी कमेटी मंगलवार को बैठक करके इस मामले पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय करेगी। महात्मा टिकैत और चरण सिंह के प्रति हमारे मन में सम्मान है। जाट समाज हमारा ही समाज है। मुझे भी इन लोगों ने मुकदमे पर मुकदमे करते हुए हिस्ट्रीशीटर बना दिया है। हम गरीब और मजलूमों की लड़ाई लड़ रहे हैं, खतरा हमें है, इन लोगों को कैसा खतरा हो गया। हम भी इन लोगों पर मुकदमा करेंगे। त्यागी ने कहा कि मंगलवार को उनकी कमेटी इस मामले पर निर्णय लेगी, जिसके बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।










Discussion about this post