मेरठ। खरखौदा- शौक अगर हद पार कर जाए तो इंसान को जुर्म की ओर भी ले जा सकता है। ऐसा ही कुछ मेरठ के अर्जुन के साथ हुआ, जिसे बुलेट बाइक चलाने का इतना शौक था कि उसने उसे चुराना शुरू कर दिया। वाहन चेकिंग के दौरान खरखौदा पुलिस ने इस बाइक चोर को चोरी की बुलेट बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन पुत्र विक्रम सिंह, निवासी ग्राम कैली थाना खरखौदा, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हापुड़ हाईवे पर पांची पुल से ग्राम कैली की ओर जाने वाले रास्ते से पकड़ा। पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि उसे बुलेट चलाने का शौक है और वह केवल बुलेट ही चोरी करता है। जब एक बाइक से मन भर जाता है तो उसे बेचकर दूसरी बुलेट चोरी कर लेता है।
आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक अपने साथी नीरज पुत्र जगवीर, निवासी ग्राम गोयना थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ के साथ मिलकर दिल्ली के थाना मुखर्जी नगर क्षेत्र से चोरी की थी। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान नीरज मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की बुलेट बाइक बरामद की है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।











Discussion about this post