मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में युवक ने कक्षा 5 की छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा के पिता ने विरोध किया तो आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
परतापुर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली कक्षा पांच की छात्रा पास के गांव के स्कूल में पढ़ती है। पीड़िता के पिता द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, कॉलोनी का एक युवक लंबे समय से उनकी बेटी को स्कूल जाते-आते समय परेशान कर रहा था।
इसकी शिकायत युवक के परिजनों से की गई, लेकिन वह नहीं माना। मंगलवार को स्कूल से लौटते समय आरोपी ने फिर से छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जब छात्रा का पिता शिकायत करने के लिए आरोपी के घर जा रहा था, तो रास्ते में आरोपी ने उसे रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पिता के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से भाग निकला।
सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Discussion about this post