मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र में एक प्रेमी ने किशोरी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने अपने दोस्त को बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी ने रोते हुए जब यह बात अपने परिजनों को बताई तो पंचायत हुई। पंचायत में साढ़े चार लाख रुपये का जुर्माना लगाकर किशोरी की इज्जत बेच दी गई। पुलिस का कहना है कि अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
सरूरपुर कस्बा निवासी किशोरी ने बताया कि पास का ही एक युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ चार माह से दुष्कर्म कर रहा था। छह दिन पहले आरोपी ने किशोरी को अपने दोस्त को सौंप दिया। इसके बाद दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पांच दिनों से किशोरी को डराकर घटना को दबाकर रखा।
मगर किशोरी लगातार रोने लगी तो परिजनों ने पूछताछ की। इसके बाद उसने सारी बात बता दी। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। उनके पीछे-पीछे गांव के ही कुछ असरदार लोग भी आ गए और पंचायत में फैसला करने की बात कहते हुए पीड़ितों को अपने साथ ले गए।
कई दौर की बातचीत के बाद बुधवार को पंचायत में तय हुआ कि आरोपी पक्ष पीड़ित पक्ष को साढ़े चार लाख रुपये देगा। इसके एवज में पीड़ित पक्ष कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराएगा। पंचायत में किशोरी की असमत के सौदे की बात पूरे कस्बा में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी अजय शुक्ला का कहना है कि पीड़िता थाने पहुंची लेकिन फिर बिना कुछ बताए परिजन उसे ले गए। तहरीर आती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post