मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गति देने और मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों और गतिविधियों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने उपस्थित प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के गणना प्रपत्र (फॉर्म) भरवाए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य वास्तविक स्थिति का आकलन करना और छूटे हुए पात्र लोगों को मतदाता सूची में जोड़ना है।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस विशेष अभियान में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त किए गए बूथ स्तरीय एजेंट या प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ से निरंतर संपर्क और समन्वय स्थापित रखें। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया में सहयोग करें, जिससे यह कार्य समय सीमा के भीतर और सही तरीके से पूर्ण हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य एक ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है जो पूरी तरह से स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी हो और उसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। उन्होंने लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग मांगा।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी ने गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना (न्यायिक) व सहायक निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कान्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, सीपीआई (एम), बहुजन समाज पार्टी सहित अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।










Discussion about this post