मुज़फ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के ग्रेन चैंबर स्कूल के सामने, डाकघर के पास, पटेल नगर में रामलीला समारोह के दौरान दो गुटों में मारपीट हो गई। इस घटना में शिवा नाम का एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में घायल ऋतिक का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थ अधिकारियों को घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच करने और विवेचना में शामिल होने के निर्देश दिए। फील्ड यूनिट द्वारा मौके से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को हिरासत में लिया और उनसे गहनता से पूछताछ जारी है। वर्तमान में इलाके में कानून और शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
पुलिस ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि किसी लड़की से अफेयर को लेकर यह घटना हुई है , पुलिस पूरी गहनता से जांच कर रही है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून और शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।










Discussion about this post