मुज़फ़्फ़रनगर। सनातन धर्म कॉलेज सभागार में संविधान दिवस के अवसर पर गोल्डन पीकॉक फाउंडेशन द्वारा संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार ‘संविधान, मेरा स्वाभिमान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर सेमिनार की शुरुआत की। सरस्वती वंदना और विद्यार्थियों की सामूहिक योग प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा बढ़ाई।
फाउंडेशन के अध्यक्ष वसीम अहमद ने संस्था के उद्देश्यों और संवैधानिक जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सेमिनार में डॉ. ओमदत्त, डॉ. अमित कुमार, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. रवि महेंद्र, डॉ. रूही जावेद और डॉ. संजय कुमार जायसवाल ने संविधान के इतिहास, नागरिक अधिकार और कर्तव्य, शासन ढांचा, अर्थव्यवस्था, युवा शक्ति और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर विचार साझा किए। फाउंडेशन से जुड़ी वक्ता शाज़िया ने न्यायपालिका और नागरिक अधिकारों पर सरल व्याख्यान प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भारत का संविधान विश्व में सर्वश्रेष्ठ है और युवाओं को इसे समझना और अपनाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया। आयोजक वसीम अहमद ने कहा कि यह सेमिनार समाज में संवैधानिक चेतना और जागरूकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।










Discussion about this post