मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मोहित बेनीवाल ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग मुजफ्फरनगर का नाम बदलने का विरोध कर रहे हैं, उनका झुकाव औरंगजेब और क्रूर मुगल शासकों की विचारधारा की ओर है।
बता दें कि खतौली बाईपास स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मोहित बेनीवाल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पटका और बुके भेंट किया गया, साथ ही ‘लक्ष्मीनगर’ नाम का एक विशेष मानचित्र भी सौंपा गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, कई ब्लॉक प्रमुखों और भाजपा कार्यकर्ताओं मौजूद रहे।
मोहित बेनीवाल ने कहा, “मुजफ्फरनगर की जनता लंबे समय से इस जनपद का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर करने की मांग कर रही है। यह क्षेत्र महाभारत काल से जुड़ा है और आर्थिक प्रगति का केंद्र है।” उन्होंने आगे कहा कि मुगल शासकों ने अपने शासनकाल में नगरों और जनपदों के नाम बदलकर अपनी क्रूर नीतियों को लागू किया था। अब समय आ गया है कि हमारी असली पहचान वापस मिले।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में मांग पत्र सौंपा गया है, जिस पर उन्हें सकारात्मक भरोसा मिला है। उन्होंने कहा, “जैसे प्रयागराज की पहचान पुनः स्थापित की गई, वैसे ही लक्ष्मीनगर भी अपनी ऐतिहासिक पहचान पाएगा।”
मोहित बेनीवाल ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “जो लोग नाम बदलने का विरोध कर रहे हैं, वे केवल औरंगजेब, महमूद गजनी और मोहम्मद खिलजी की विचारधारा को आगे बढ़ाना चाहते हैं। वे हिंदुस्तान की संस्कृति और इतिहास को महत्व नहीं देते।”
उन्होंने कहा, “2014 से पहले कांग्रेस सरकार में देश घोटालों के लिए बदनाम था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब विश्वगुरु बनने की राह पर है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध मुक्त शासन स्थापित हुआ है।” मोहित बेनीवाल ने कहा कि “अगर मुझे मौका मिला तो मैं इस मुद्दे को फिर से सदन में उठाऊंगा और आम जनता की मांग को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा।”











Discussion about this post