मुज़फ़्फ़रनगर : पहलगाम में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने सात राज्यों में मॉक ड्रिल कराने का निर्णय लिया है।
उत्तर प्रदेश में शुरुआत में 19 जिलों में मॉक ड्रिल की योजना थी। डीजीपी प्रशांत कुमार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे सभी जिलों में करवाने का निर्देश दिया है। इस ड्रिल में हवाई हमले, ड्रोन अटैक और मिसाइल हमलों से बचाव के तरीके सिखाए जाएंगे।
मुजफ्फरनगर में बुधवार को होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन ने सिविल डिफेंस, एनसीसी, एनएसएस और नेहरू युवा केंद्र के सदस्यों को इसमें शामिल किया है।
मुजफ्फरनगर की स्थिति विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह दिल्ली से मात्र 120 किलोमीटर दूर है और उत्तराखंड की सीमा से जुड़ा है। पास में रुड़की और मेरठ में सेना की छावनियां हैं। नजदीक स्थित देवबंद पर सुरक्षा एजेंसियों की विशेष नजर रहती है। यहां से पहले भी आतंकी संगठनों से जुड़े लोग पकड़े गए हैं और NIA ने कई बार छापेमारी की है।
अपर जिलाधिकारी वित्त गजेंद्र सिंह, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति, के साथ मॉक ड्रिल की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। जिससे आम नागरिकों को हवाई हमले ड्रोन अटैक और मिसाइल जैसी हमले स्थितियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। यह ड्रिल करीब 54 वर्ष बाद हो रही है इससे पहले 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान इसकी मॉक ड्रिल कराई गई थी।
इसके साथ ही चेतावनी के लिए सायरन बजाए जाएंगे ताकि सायरन सुनते ही लोग सतर्क होकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं। नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा इस अभ्यास में आम नागरिकों खासकर छात्रों को सिविल डिफेंस के बुनियादी कौशल सिखाए जाएंगे। इसमें प्राथमिक चिकित्सा आग बुझाने संचार के साधनों का उपयोग शेल्टर में जाना और दूसरों की मदद करना शामिल है।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि मॉक ड्रिल के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने के साथ निर्देशों का शत प्रतिशत पालन कराया जाएगा। साथ ही सुरक्षा का पूरा खाकर भी तैयार किया गया है ताकि आपातकाल में उसे लागू किया जा सके। बड़े धार्मिक स्थलों सार्वजनिक स्थान बिजली प्लांट एवं अतिरिक्त सुरक्षा करने के साथ पुलिसकर्मियों को उनकी नई जिम्मेदारियां के बारे में जागरूक किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सिविल डिफेंस एनसीसी एनएसएस और नेहरू युवा केंद्र से जुड़े लोगों को तैयार किया है।











Discussion about this post