मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सड़क पार करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। फुगाना थाना क्षेत्र के मेरठ-करनाल हाईवे पर सड़क हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय संसार वीर निवासी कमरूद्दीन नगर की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 65 वर्षीय साथी हरपाल निवासी दुर्गनपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सड़क पार करते समय उस वक़्त हुई जब दोनों खरड़ गांव से अपने घर लौट रहे थे और हाइवे पर लोई गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए। ये पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सनसवीर और एक अन्य व्यक्ति बाइक पर सवार होकर सड़क क्रॉस कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने एक मिनट के लिए भी वाहन नहीं रोका और बाइक सवारों की हालत देखे बिना मौके से फरार हो गया। वीडियो में ट्रैक्टर की तेज गति भी स्पष्ट दिखाई दे रही है, जो हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही फुगाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सनसवीर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।










Discussion about this post