मुजफ्फरनगर। सर्कुलर रोड स्थित जाट इंटर कॉलेज में रविवार को दानदाताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य और शिक्षकों ने संस्थान के जीर्णोद्धार में योगदान देने वाले समाजसेवियों को मोमेंटो और पटका भेंट कर सम्मानित किया। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। जिला विद्यालय निरीक्षक ने चार कमरों में कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए थे और पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षा केंद्र भी नहीं लगाया गया था।
जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मवीर बालियान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह संस्था 1935 में स्थापित हुई थी और समाज की ऐतिहासिक धरोहर है। लेकिन भवन की जर्जर हालत के कारण इसके बंद होने की नौबत आ गई थी। समाज के दानदाताओं ने आगे बढ़कर संस्थान को दोबारा खड़ा किया। उन्होंने कहा कि वसुंधरा रेजिडेंसी के अमित, सचिन राणा सहित कई समाजसेवियों ने आर्थिक रूप से बड़ा सहयोग दिया है।
धर्मवीर बालियान ने कार्यक्रम के दौरान संस्था की जमीन को लेकर गंभीर आरोप भी दोहराए। उन्होंने कहा कि संस्था के पास पहले लगभग 40 एकड़ भूमि थी, जिसका बड़ा हिस्सा अब विवादों में घिरा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ जमीन अवैध तरीके से ट्रांसफर की गई है, जबकि 1964 के कानून के मुताबिक एक संस्था अपनी जमीन दूसरी संस्था को हस्तांतरित नहीं कर सकती। उन्होंने जांच की मांग करते हुए कहा कि मार्च तक इस पूरे प्रकरण को लेकर न्यायालय या शासन-प्रशासन के सामने मामला उठाया जाएगा।
जाट इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि उन्होंने 1 अप्रैल को कार्यभार संभाला था, तभी डीआईओएस से आदेश आया कि सिर्फ चार कमरों में ही कक्षाएं चलाई जाएं। यह स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि 14 सेक्शनों को चार कमरों में बैठाना संभव नहीं था। इसके बाद शिक्षकों ने स्वयं छह से सात लाख रुपये जुटाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया।
इसके बाद समाजसेवी अमित चौधरी, सचिन राणा और विनय पवार ने आगे आकर नए कमरे बनवाने में सहयोग दिया। डीआईओएस ने भी प्रबंधन की कोशिशों से प्रभावित होकर अपनी ओर से 11000 रुपये का योगदान दिया। प्राचार्य ने बताया कि सहयोग की श्रृंखला लगातार बढ़ती गई और आज कॉलेज नई ऊर्जा के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि 2 जनवरी को कॉलेज का स्थापना दिवस मनाया जाएगा और उसी दिन पुरातन छात्र सम्मेलन आयोजित होगा। प्राचार्य ने सभी दानदाताओं और समाज के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।










Discussion about this post