मुजफ्फरनगर। थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बवाना में गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला के कानों से कुंडल लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन पुत्र मांगा निवासी मंसूरपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद इलाज के लिए सीएचसी बुढ़ाना भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए सोने के कुंडल, अवैध तमंचा, कारतूस और एक काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बवाना में एक बुजुर्ग महिला से कुंडल लूटने की सूचना पर पुलिस टीमें अलर्ट हो गई थीं। गढ़ी सखावत चौकी प्रभारी व कस्बा बुढ़ाना चौकी प्रभारी ने कांधला मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान एक व्यक्ति काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने बाइक मोड़कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन खेतों में उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी अर्जुन ने कबूल किया कि उसने ही आज सुबह गांव बवाना में बुजुर्ग महिला से कुंडल लूटे थे। पुलिस ने मौके से लूटे गए सोने के कुंडल, एक अवैध तमंचा, कारतूस और अपराध में प्रयुक्त काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि क्षेत्र में अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post