मुजफ्फरनगर। प्यार में धोखा खाई एक महिला ने अपने प्रेमी पर छह साल तक शारीरिक शोषण, मुआवजे की रकम हड़पने और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव चन्धेड़ी सफ़ीपुर पट्टी निवासी महिला शाकिरा ने मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आपबीती सुनाई। रुआंसी आंखों और टूटी आवाज़ में शाकिरा ने बताया कि उसकी शादी पहले हरियाणा में हुई थी, लेकिन एक हादसे में उसके पति की मौत हो गई थी। वह अपने दो बच्चों के साथ मायके लौट आई।
घर आने के बाद सोशल मीडिया के जरिए उसकी जान-पहचान आमिर पुत्र नौशाद नाम के युवक से हुई, जो बाद में प्यार और शादी के वादों तक जा पहुंची। शाकिरा का आरोप है कि आमिर ने शादी का झांसा देकर छह वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। इस दौरान आमिर ने उससे उसके पहले पति के दुर्घटना मुआवजे की पूरी रकम भी ले ली, यह कहकर कि वह कोई काम शुरू करेगा।
शाकिरा ने आरोप लगाया कि इतने सालों के रिश्ते में आमिर ने चार बार जबरन उसका गर्भपात कराया। अब वह पांचवीं बार गर्भवती है और आमिर फिर से गर्भपात का दबाव बना रहा है। शाकिरा ने बताया कि उसने आमिर को कोर्ट मैरिज के बाद गर्भपात पर विचार करने की बात कही, मगर आमिर ने कोर्ट मैरिज का झांसा देकर शाहपुर बुलाया, जहां एक होटल में ले जाकर उससे मारपीट की और जबरन गर्भपात कराने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस में शिकायत की, लेकिन अब तक सिर्फ खानापूर्ति की गई है। वह न्याय की आस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगा रही है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।











Discussion about this post