मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के वार्ड 23, मोहल्ला आनंदपुरी के भाजपा सभासद अमित कुमार पाल के साथ सिविल लाइन थाने में एक व्यक्ति द्वारा थप्पड़ मारने की घटना सामने आई है। सभासद ने आरोप लगाया कि यह व्यक्ति सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी था। घटना के विरोध में आज कई सभासद राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से मिले और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जब सभासद अमित पाल एक समझौते के सिलसिले में थाना सिविल लाइन पहुंचे थे। वहाँ मौजूद एक सिविल ड्रेस में व्यक्ति ने उन्हें पूछताछ के दौरान कहा, “तुम नेता हो क्या?” जवाब में जब अमित पाल ने कहा कि वे भाजपा से निर्वाचित सभासद हैं, तो उस व्यक्ति ने उनके चेहरे पर थप्पड़ मार दिया और कहा, “तुम्हारी नेतागिरी दो मिनट में निकाल दूंगा।”इसके बाद सभासद को थाने से बाहर निकाल दिया गया।
राज्य मंत्री से की गई शिकायत घटना से नाराज़ होकर शुक्रवार को कई सभासद राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के गांधीनगर स्थित आवास पर पहुंचे। वहां पर सीओ सिटी राजू कुमार साव और थाना प्रभारी आशुतोष कुमार को भी बुलाया गया। घंटेभर चली वार्ता के बावजूद पुलिस ने स्पष्ट नहीं किया कि वह व्यक्ति पुलिसकर्मी था या आम नागरिक। अधिकारियों ने सिर्फ इतना कहा कि जांच की जा रही है।
सभासद अमित पाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह घटना न केवल सभासद का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी चोट है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।











Discussion about this post