मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के खुसरूपुर गांव के जंगल में गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अमीरनगर गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक बुधवार से लापता था। गुरुवार तड़के उसका शव खुसरूपुर के जंगल में पेड़ से लटका मिला। शव की स्थिति और लापता होने की पृष्ठभूमि को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सदर देवव्रत वाजपेई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “आज सुबह थाना चरथावल पुलिस को सूचना मिली कि खुसरूपुर गांव के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की पहचान अमीरनगर निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। शव का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
फिलहाल, पुलिस हर पहलु से मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।










Discussion about this post