मुजफ्फरनगर । भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली में शुक्रवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब आधा दर्जन दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला, उसका बेटा शाहरुख और बेटी बीबी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने और नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित महिला हैदरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही कुछ लोग उनके परिवार से पुरानी रंजिश रखते हैं और लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने करीब आठ दिन पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भी सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार की शाम आरोपित एकजुट होकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौच करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में महिला, उसका बेटा शाहरुख और बेटी बीबी घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने शाहरुख की जेब से नकदी भी निकाल ली। जान बचाने के लिए हैदरी ने बच्चों के साथ कमरे में छिपकर दरवाजा बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।











Discussion about this post