मुजफ्फरनगर। चर्चित उद्योगपति विशु तायल द्वारा एक ड्राइवर के साथ की गई मारपीट और अभद्रता का मामला अब शांत हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस मामले ने दो दिन पहले शहर में सनसनी फैला दी थी, लेकिन अब पुलिस ने इसे कार्रवाई योग्य नहीं मानते हुए फाइल बंद कर दी है।
मामला थाना नई मंडी क्षेत्र का है, जहां विशु तायल का भोपा रोड पर निवास है। वायरल वीडियो में विशु तायल एक युवक को थप्पड़ लगवाते हुए नजर आ रहे थे। बाद में युवक की पहचान कानपुर देहात निवासी मनोज यादव के रूप में हुई।
बताया गया कि मनोज यादव विशु तायल के यहां ड्राइवर की नौकरी करता था और उसने ₹10,000 की एडवांस राशि लेने के बाद भी छुट्टी ले ली थी। इसी बात को लेकर विशु तायल नाराज हो गए और कथित तौर पर मनोज को अपने सहयोगी की मौजूदगी में थप्पड़ मारने के लिए मजबूर किया।अपने सहयोगी से थप्पड़ लगवाकर विशु ने उसे सैंपल भी दिखवाया था ।
वीडियो के वायरल होते ही स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। आमजन में आक्रोश फैल गया और लोग विशु तायल के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी सक्रिय हुई और प्रारंभिक जांच शुरू की गई।
हालांकि अब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित मनोज यादव ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार कर दिया है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद हरियाणा के करनाल से संबंधित है और मुजफ्फरनगर पुलिस का इससे सीधा संबंध नहीं बनता। ऐसे में मामले को बंद कर दिया गया है और आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस की भूमिका कितनी निष्पक्ष होती है। हालांकि मामला फिलहाल खत्म माना जा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चाएं अब भी जारी हैं।











Discussion about this post