मुजफ्फरनगर। भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के निर्देशन और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के तत्वाधान में स्वामी विवेकानंद कन्या इंटर कॉलेज जट मुझेडा में जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन संस्था और ग्रामीण समाज विकास केंद्र द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रीना पवार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी विकास पवार ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और कहा कि यह कुप्रथा समाप्त करने के लिए समाज सुधारकों ने सदियों से प्रयास किए हैं।
जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन संस्था के प्रबंधक गजेंद्र सिंह ने बालिकाओं को बाल विवाह अधिनियम 2006 की जानकारी दी और बताया कि किसी भी बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है। छात्राओं ने बाल विवाह पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और मैडल देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य सावित्री जी और संस्था के अधिकारियों ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के गौरव मालिक ने किया। जिला प्रोबेशन विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम भी उपस्थित रही।










Discussion about this post