मुजफ्फरनगर : गांधीनगर स्थित उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर रविवार को राजपूत महासभा, महाराणा प्रताप संघर्ष समिति और क्षत्रिय समाज के नेताओं ने मुलाकात कर नगर में महाराणा प्रताप के नाम पर एक चौराहे के नामकरण और उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों को आश्वासन देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव पहले से ही प्रक्रिया में है। उन्होंने बताया कि गुप्ता रिजॉर्ट से आगे स्थित तिराहे पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित करने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वह प्रस्ताव जल्द भेजें ताकि कार्य शीघ्र आरंभ हो सके।
मंत्री ने कहा, “महाराणा प्रताप हमारे प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सब कुछ न्योछावर कर दिया। उनकी मूर्ति की स्थापना हमारे लिए गौरव का विषय होगी और उनकी जयंती को हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाएगा।”
क्षत्रिय समाज के प्रमुख नेता सुभाष चौहान ने बताया कि राजपूत महासभा, महाराणा प्रताप संघर्ष समिति सहित सभी संगठनों ने मिलकर यह मांग रखी और मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दिल्ली से आने वाले रास्ते पर स्थित गुप्ता रिजॉर्ट वाले तिराहे पर यह मूर्ति स्थापित की जाएगी। चौहान ने कहा कि मूर्ति की स्थापना के बाद ही समाज को पूर्ण संतोष मिलेगा और मंत्री का आभार प्रकट किया जाएगा।
सुभाष चौहान ने यह भी कहा कि मंत्री आवास से लौटते समय समाज के सभी प्रतिनिधि आश्वस्त और प्रसन्न थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि महाराणा प्रताप जैसे योद्धाओं की वजह से ही आज हम स्वतंत्रता की सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि हर जाति को अपने पूर्वजों का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि महान विभूतियां किसी एक समाज की नहीं, पूरे राष्ट्र की धरोहर होती हैं।











Discussion about this post