मुजफ्फरनगर : होली का रंगों भरा पर्व और रमजान का पवित्र महीना एक साथ आने के कारण ज़िला एवं पुलिस प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त सुरक्षा प्रबंध किए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि दोनों पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों और किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले को 8 जोन, 21 सेक्टर और 120 सब-जोन में विभाजित किया गया है।
जिले में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए क्लस्टर मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी। यह टीमें हर क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेंगी। प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करें। इसके अलावा, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे होली और रमजान को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। सभी से आग्रह किया गया है कि वे शराब पीकर हुड़दंग न करें और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों से बचें। प्रशासन ने यह भी कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और आपसी सौहार्द बनाए रखें।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। समाज के हर वर्ग को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए ताकि त्योहारों की खुशियां फीकी न पड़ें और पूरा जिला अमन और चैन के माहौल में दोनों पर्वों को मना सके।











Discussion about this post