मुजफ्फरनगर। जिले में योगी की पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर मुजफ्फरनगर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें भेड़-बकरी लूटने वाले गैंग के सरगना सोनू उर्फ साधू को पुलिस ने गोली मारकर घायल कर दिया।
घटना गुरुवार देर शाम नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सिसौना रजवाहे की है, जहां पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान महिंद्रा पिकअप गाड़ी में सवार चार संदिग्ध बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाश गाड़ी रोकने के बजाय रजवाहे की पटरी की ओर भागने लगे।
पुलिस ने उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें सोनू उर्फ साधू घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश सोनू से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि 8 मार्च की रात उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चरवाहों से भेड़-बकरियां लूटी थीं।
बदमाशों ने चरवाहों के साथ मारपीट की और जबरदस्ती उनकी भेड़-बकरियों को महिंद्रा पिकअप में भरकर फरार हो गए। हालांकि, उस रात ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने घायल बदमाश सोनू उर्फ साधू को अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी बदमाश भी गिरफ्त में होंगे।











Discussion about this post