मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने जिले के चर्चित रविंद्र हत्याकांड में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद की है।
घटना सोमवार को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के टांडा माजरा गांव में सामने आई थी, जहां रविंद्र पुत्र बिरजा उर्फ बृजपाल की गांव के ही दो युवकों – विक्रान्त उर्फ विक्की और निखिल पुत्रगण स्व. गजेन्द्र ने पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को रजवाहे की पटरी के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने जब मंगलवार रात बुढ़ाना-बसी मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया, तो एक संदिग्ध बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। रुकने के इशारे पर बाइक सवार तेजी से कच्चे रास्ते की ओर भागे, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। आगे चलकर उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई, जिसके बाद आरोपियों ने ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने विक्रांत और निखिल के पास से .32 बोर की एक पिस्टल, 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। प्राथमिक पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकारते हुए बताया कि रविंद्र से उनकी पुरानी रंजिश थी और इसी कारण उन्होंने उसकी हत्या कर दी थी।
घटना के खुलासे और गिरफ्तारी में थाना बुढ़ाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में बनी टीम की अहम भूमिका रही। टीम में उ0नि0 संदीप कुमार, ललित कुमार, मयंक प्रताप सिंह, है0का0 संजय कुमार, नीरज त्यागी, निर्वेश कुमार, सुनील कुमार, कृष्णपाल सिंह, का0 नकुल सांगवान, मोहित कुमार और धीरज कुमार शामिल थे।
पुलिस अब दोनों आरोपियों के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जांच में जुट गई है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें घायल अवस्था में दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नजर आ रहे हैं।










Discussion about this post