मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जन्म जयंती के अवसर पर आज शाकुंतलम कॉलोनी, आवास विकास में एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की गई।
गोष्ठी की अध्यक्षता गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह मलिक ने की, जबकि संचालन शहजाद राव नगर अध्यक्ष ने किया।
भारत रत्न की मांग और संघर्ष का स्मरण-
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रवक्ता चौधरी धर्मेंद्र मलिक ने किसान गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत ने संघर्ष और नीतियों के माध्यम से किसानों को एकजुट किया और उनकी आवाज बनने का कार्य किया।
धर्मेंद्र मलिक ने कहा, “किसानों में चेतना का शंखनाद करने वाले चौधरी टिकैत को किसान वर्ग में चेतना लाने के लिए भारत सरकार ‘भारत रत्न’ देने का कार्य करे। यह मांग किसानों के सम्मान की मांग है।
बाबा राजेंद्र सिंह मलिक ने महेंद्र सिंह टिकैत के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल किसान बिरादरी को एक मंच पर खड़ा किया, बल्कि सामाजिक क्रांति के लिए जाट समुदाय की सभी खाप को एकजुट करके किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि टिकैत ने ही किसानों के अंदर अपनी बात कहने का हौसला और शक्ति पैदा की।
इस अवसर पर शहजाद राव, दुष्यंत मलिक, नौशाद मलिक, अरमान, शाहनूर अली और अशोक कुमार सहित सैकड़ों किसानों ने स्व. महेंद्र सिंह टिकैत को पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष को याद किया।










Discussion about this post