मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र में हुए पुलिस लाठीचार्ज और किसानों पर लगाए गए गंभीर आरोपों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) द्वारा बुलाई गई महापंचायत मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की गई। करीब दो सप्ताह से चल रहे इस टकराव को आखिरकार सुलह का रास्ता मिल गया, जब पुलिस-प्रशासन की ओर से किसानों की प्रमुख मांगों को मानते हुए थाना नई मंडी के प्रभारी दिनेश बघेल का ट्रांसफर करने, एक सिपाही को लाइन हाजिर करने, दो गिरफ्तार किसानों की रिहाई और उनके खिलाफ दर्ज धारा 307 जैसी गंभीर धाराएं हटाने का आश्वासन दिया गया।
मुजफ्फरनगर में कलेक्ट्रेट परिसर में आप का प्रदर्शन, यूपी में प्राथमिक स्कूलों की बंदी का किया विरोध
19 जून 2025 को भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर थाना नई मंडी पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी झड़प हो गई। आरोप है कि पुलिस ने बिना उकसावे के बल प्रयोग किया और किसानों पर लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई में कई किसान घायल हो गए और कुछ को हिरासत में भी ले लिया गया। पुलिस ने इनमें से कुछ किसानों पर हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं भी लगा दीं, जिससे किसानों में रोष फैल गया।
घटना के बाद बीकेयू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार तोमर ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए 2 जुलाई को महापंचायत बुलाने का ऐलान किया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, गिरफ्तार किसानों को रिहा नहीं किया जाता और झूठे मुकदमे वापस नहीं होते, तब तक संगठन पीछे नहीं हटेगा।
सोनिया-राहुल गांधी की बढ़ीं मुश्किलें, ईडी ने अदालत में कहा- 2000 करोड़ का हुआ फर्जी लेनदेन
मंगलवार को तय कार्यक्रम के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में किसान पंचायत में जुटे। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर और सीओ सिटी राजू कुमार साव पहुंचे और किसानों से वार्ता की। बीकेयू (तोमर) की ओर से ज्ञापन सौंपा गया जिसमें चार प्रमुख मांगें रखी गईं:
1.थाना नई मंडी प्रभारी दिनेश बघेल का ट्रांसफर
2.लाठीचार्ज में शामिल दोषी सिपाही को लाइन हाजिर करना
3.दो गिरफ्तार किसानों की रिहाई
4.किसानों पर लगे धारा 307 जैसे गंभीर मुकदमे हटाना
प्रशासन की ओर से इन सभी मांगों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि मामले की निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सांसद इकरा हसन का आपत्तिजनक वीडियो वायरल,मच गया हंगामा, दो नाबालिगों ने पंचायत में मांगी माफी
संजीव तोमर बोले: “एक हफ्ते का समय दिया है प्रशासन को”
बीकेयू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार तोमर ने मीडिया से कहा, “सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने सभी मांगों को गंभीरता से लिया है और कार्रवाई का भरोसा दिया है। हमने प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया है। अगर इस अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो हम फिर से आंदोलन करेंगे।”
सीओ सिटी राजू कुमार साव ने पंचायत में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि 19 जून की घटना को लेकर पुलिस स्तर पर जांच चल रही है। कुछ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया जा चुका है और उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।
प्रशासन की ओर से कार्रवाई के आश्वासन के बाद बीकेयू (तोमर) ने पंचायत को समाप्त करने का निर्णय लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित यह पंचायत पूरी तरह शांतिपूर्ण रही, जिसमें किसानों ने अनुशासन और संयम का परिचय दिया।











Discussion about this post