शामली। जिले के जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला आर्य नगर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब आवारा कुत्तों के झुंड ने तीन साल की मासूम बच्ची जूबी पर हमला कर दिया। बच्ची को गंभीर हालत में थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर पर 20 टांके आए हैं। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।
घटना जैन मंदिर के निकट उस समय हुई जब मोहल्ला निवासी इमरान की बेटी जूबी चबूतरे पर अकेली बैठी थी। तभी आवारा कुत्तों का एक झुंड वहां आ गया और बच्ची को बालों और सिर से पकड़कर करीब 10 मीटर दूर तक घसीट ले गया। कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्ची को छुड़ाया। खून से लथपथ जूबी को तुरंत थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सिर में 20 टांके लगाए। चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन आवारा कुत्तों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहा है, जिससे आए दिन लोग खासकर बच्चे कुत्तों का शिकार बन रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि वे जल्द ही नगर पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर ठोस कार्रवाई की मांग करेंगे।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले की सभी सीएचसी में एंटी रेबीज इंजेक्शन की व्यवस्था उपलब्ध है। वहीं, घटना के बाद से कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी है।











Discussion about this post