मुज़फ़्फ़रनगर : मुजफ्फरनगर में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। एसएसपी अभिषेक सिंह के निर्देश पर एसपी देहात आदित्य बंसल ने जिले के ग्रामीण इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 थानों में 55 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। ये अपराधी अब हिस्ट्रीशीटर बन गए हैं, जिनकी हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इस कदम से अपराध पर लगाम लगाने और देहात क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में ठोस प्रयास शुरू हो गए हैं।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि देहात जोन के 11 थानों में 55 अपराधियों को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। इनमें लूट, चोरी, डकैती, हत्या, हत्या का प्रयास और गौकशी जैसे संगीन अपराधों में शामिल बदमाश शामिल हैं। अब इनकी निगरानी को और सख्त कर दिया गया है।
हर महीने इन हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। बीट सिपाही से लेकर सीओ तक, सभी स्तरों पर इन अपराधियों की हर हरकत की पड़ताल होगी। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ये बदमाश दोबारा कोई अपराध करने की हिम्मत न जुटा सकें।
मुजफ्फरनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने ये रणनीति अपनाई है। हिस्ट्रीशीट खोलने का मतलब है कि इन अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड अब औपचारिक रूप से दर्ज हो गया है, और उनकी हर गतिविधि पर पुलिस की नजर रहेगी। ये कदम न सिर्फ अपराधियों में खौफ पैदा करेगा, बल्कि आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाएगा। एसपी देहात ने साफ किया कि यह कार्रवाई एसएसपी के सख्त निर्देशों का हिस्सा है, जिसके तहत जिले में अपराध को जड़ से खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
.











Discussion about this post