मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने 2 जुलाई को मुजफ्फरनगर स्थित एसएसपी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन महापंचायत करने की घोषणा की है। यह निर्णय छपार स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में हुई आपातकालीन बैठक में लिया गया।
चौधरी संजीव तोमर ने मंडी कोतवाली पुलिस द्वारा किसानों पर किए गए लाठीचार्ज को लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाल दिनेश बघेल ने तालियां बजवाकर निहत्थे किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज कराया, जो अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई इस कार्रवाई से ब्रिटिश राज की याद ताजा हो गई।
चौधरी तोमर ने चेतावनी दी कि जब तक मंडी कोतवाली इंचार्ज दिनेश बघेल, सिपाही रजनीश शर्मा और विनोद कुमार को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “जिस किसान के सिर और कमर पर लाठी पड़ी है, वह मेरे ऊपर पड़ी है। किसानों के खून की एक-एक बूंद का हिसाब लिया जाएगा।”
उन्होंने नए पुलिस कप्तान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पुलिस विभाग पर नियंत्रण होता, तो ऐसी घटना नहीं होती। आक्रोशित स्वर में उन्होंने कहा, “2 जुलाई को मैं स्वयं एसएसपी कार्यालय आ रहा हूँ। अगर प्रशासन जलियांवाला बाग जैसी स्थिति बनाना चाहता है, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।”
चौधरी संजीव तोमर ने यह भी कहा कि अब किसानों पर लाठीचार्ज, मुकदमे और जेल की बात पुरानी हो चुकी है। यदि सरकार गोली चलवाना चाहती है, तो हम सीना तानकर खड़े रहेंगे।
महापंचायत में मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार इंदरजीत सांगवान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रवण त्यागी, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हबीब गुर्जर, जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष महबूब, युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर, सहारनपुर युवा जिला अध्यक्ष सौरव त्यागी, युवा जिला अध्यक्ष सोनू चौधरी, दीपक तोमर, मुकेश गुर्जर, हनी बालियान, हसीर और अजय त्यागी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।











Discussion about this post