मुज़फ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्सके नाम पर नकली हेल्थ सप्लीमेंट बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सामान बरामद किया है, जिसमें प्रोटीन पाउडर, कैप्सूल, लेबल, स्टिकर, पैकिंग मशीन और अन्य सामग्री शामिल है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खालापार क्षेत्र में एक फैक्ट्री में नकली हेल्थ सप्लीमेंट तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर आसिफ सैफी (26 वर्ष) और जावेद सैफी (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हर्बल पावर फार्मास्यूटिकल्स नाम से नकली प्रोडक्ट तैयार करते थे और उन पर USA, Russia और Japan जैसे देशों के नाम का लेबल लगाकर ऑनलाइन और लोकल मार्केट में बेचते थे। दोनों आरोपी अब तक करीब 2 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुके हैं और हर महीने 15 से 20 लाख रुपये तक की कमाई कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कैप्सूल, प्रोटीन पाउडर, खाली डिब्बे, सीलिंग मशीन, पैकिंग मशीन, बारकोड स्टिकर, कैप्सूल फिलिंग मशीन बरामद की है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी संजय वर्मा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को आम लोगों की सेहत की सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि नकली सप्लीमेंट के सेवन से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।










Discussion about this post