मुज़फ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर, जिला अस्पताल मुज़फ्फरनगर में युवाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने किया।
उन्होंने बताया कि यह जागरूकता अभियान शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चलाया जाएगा, जिसमें युवाओं को एचआईवी संक्रमण के खतरे, बचाव के उपाय और इलाज की सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. तेवतिया ने बताया,”एड्स से बचाव के लिए संक्रमित सुई, संक्रमित रक्त और असुरक्षित यौन संबंधों से बचना जरूरी है। टैटू बनवाते समय हमेशा नई सुई का इस्तेमाल करें। एड्स सामान्य संपर्क जैसे साथ बैठने, खाने-पीने या छूने से नहीं फैलता, इसलिए इससे पीड़ित लोगों से भेदभाव न करें।”
उन्होंने यह भी अपील की कि यदि कोई एड्स से ग्रसित है, तो वह बीमारी को छुपाए नहीं, बल्कि तत्काल जिला चिकित्सालय से संपर्क कर इलाज कराएं। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क जांच व इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
अभियान के तहत युवाओं को सही जानकारी देकर जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इस मौके पर मेडिकल स्टाफ व स्कूली छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहीं।










Discussion about this post