मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (तोमर गुट) के धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान यूनियन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी जूते-चप्पल, तिरपाल और दरी तक छोड़कर भाग खड़े हुए।
दरअसल, किसी मामले को लेकर आज यूनियन द्वारा थाना नई मंडी का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी दर्जनों ट्रैक्टरों पर सवार होकर पहुंचे और गद्दे, तिरपाल और दरियां बिछाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के बीच पुलिस और यूनियन कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए।
लाठीचार्ज के दौरान यूनियन के कुछ पदाधिकारी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। इसके साथ ही यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर समेत करीब 10 नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।











Discussion about this post