मुजफ्फरनगर:आज जिले के खतौली कस्बे में शनिवार को अनोखा नजारा देखने को मिला, जब कस्बे की सड़कों पर 21 दूल्हों की 21 बारातें निकलीं। बैंड-बाजों की आवाज, रंग-बिरंगे सजे-धजे बारातें, नाचते-गाते बाराती और पूरे कस्बे में उत्सव का माहौल। यह भव्य आयोजन मां शाकंभरी सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का हिस्सा था, जिसमें 21 कन्याओं का विवाह रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।
जानकारी के मुताबिक जुम्मा पैठ रोड स्थित भवानी धर्मशाला से जब एक साथ 21 बारातें निकलीं तो पूरा कस्बा विवाह के रंग में रंग गया। हर बारात के साथ अलग-अलग बैंड की धुनें बज रही थीं और ऐसा लग रहा था मानो पूरे कस्बे में शहनाई की मिठास फैल गई हो। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए कस्बेवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
खतौली के आरके फार्म पहुंचने के बाद विवाह की रस्में पूरी की गईं। समारोह में जिले के कई आला अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी राजकुमार, मदन छाबड़ा, प्रमोद शर्मा, विकास कौशिक, प्रवीण ठकराल, सुशील सैनी, मयूर टेलर, धर्मेंद्र तोमर व बंटी शर्मा सहित अनेक लोगों ने विशेष योगदान दिया।
मां शाकंभरी सेवा समिति द्वारा हर वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाता है। इस वर्ष इस आयोजन की भव्यता और बढ़ गई, क्योंकि 21 जोड़ों का एक साथ विवाह हुआ। समिति द्वारा नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक वस्तुएं भी उपहार स्वरूप दी गईं।
शहरवासियों ने इस भव्य आयोजन की सराहना की तथा समिति के प्रयासों की सराहना की। समिति सदस्यों ने आश्वासन दिया कि आगामी वर्षों में भी इस प्रकार के आयोजन होते रहेंगे, जिससे समाज में एकता व सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलेगा।











Discussion about this post