मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के कोहना सराफा बाजार स्थित घर पर घरेलू उत्पीड़न से परेशान विवाहिता श्रुति वर्मा अपने दो वर्षीय बेटे को लेने के लिए सोमवार को अपने ससुराल पहुंची, लेकिन ससुराल वालों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और भीतर चले गए। इस पर विवाहिता ने घर के बाहर धरना शुरू कर दिया और न्याय की मांग की।
मौके पर पहुंची थाना नगर कोतवाली पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए श्रुति को फैमिली कोर्ट से आदेश लाने की सलाह दी। पुलिस ने कहा कि कोर्ट के निर्देशानुसार ही बच्चे की अभिरक्षा दी जा सकती है।
श्रुति वर्मा का आरोप है कि उसके पति सुभांकर वर्मा और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। “पति शराब पीकर मारपीट करता है, गाली-गलौज करता है और कई बार जान से मारने की कोशिश भी कर चुका है,” पीड़िता ने कहा।
श्रुति ने बताया कि 2022 में 20 अप्रैल को उसकी शादी हुई थी और अब वह अपने दो साल के बेटे को लेने आई है, लेकिन उसे अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुर ने उसे धमकाया और कहा कि “बच्चा चाहिए तो कोतवाली से लेकर आओ, यहां से नहीं मिलेगा।”
पीड़िता का दावा है कि पुलिस और महिला थाने में भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने कहा, “अगर मुझे मेरा बच्चा नहीं मिला तो मैं यहीं आत्महत्या कर लूंगी।”
श्रुति ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले में तत्काल न्याय की मांग की है।










Discussion about this post