मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन ने एक लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कलक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर व बाढ़ कंट्रोल रूम में तृतीय पाली में ड्यूटी के बावजूद अनुपस्थित रहने पर इंटर कॉलेज भोकरहेड़ी के लिपिक अमित गौड़ पर कार्रवाई की गई है। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गजेंद्र कुमार ने उक्त कर्मचारी का वेतन काटने और उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई के निर्देश ज़िला विद्यालय निरीक्षक को दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को अमित गौड़ की ड्यूटी इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में लगाई गई थी। वह कॉलेज से कार्यमुक्त हो चुका था, इसके बावजूद उसने कंट्रोल रूम में ड्यूटी जॉइन नहीं की। इंटर कॉलेज भोकरहेड़ी के प्रधानाचार्य ने ADM से मुलाकात कर बाबू की शिकायत की। इसके बाद जब जांच की गई तो सामने आया कि अमित गौड़ ने न केवल कंट्रोल रूम की ड्यूटी को नजरअंदाज किया, बल्कि अपने मूल तैनाती स्थल विद्यालय में भी उपस्थित नहीं था।
प्रशासन का कहना है कि संबंधित कर्मचारी को दूरभाष और वॉट्सएप के माध्यम से ड्यूटी की सूचना दी गई थी और उसे लगातार संपर्क किया गया, फिर भी वह ड्यूटी पर नहीं आया। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि वह लगातार कॉलेज से भी गायब रहा है। यह स्थिति अत्यंत खेदजनक है और सरकारी सेवा आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन है।
ADM गजेंद्र कुमार ने निर्देश दिए हैं कि अमित गौड़ की अनुपस्थिति के आधार पर उस अवधि का वेतन आहरित न किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे लापरवाह कर्मचारियों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं बरती जाएगी।











Discussion about this post