मुजफ्फरनगर। रोडवेज बस स्टैंड पर उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई जब पुलिस ने एक साथ कई रोडवेज बसों के ऑनलाइन चालान काट दिए। चालान की सूचना मिलते ही बस चालक और परिचालक एकत्र हो गए और गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कर जाम लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर सीओ सिटी राजू कुमार साव और मुजफ्फरनगर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी पूनम तोमर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कर मामले को शांत कराया।
पूनम तोमर ने बताया कि पुलिस ने एक साथ 5-6 बसों के चालान काट दिए, जिससे चालकों और परिचालकों में आक्रोश फैल गया। चालान मुख्य रूप से पार्किंग से संबंधित थे। जैसे ही अधिकारियों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
चालान की खबर मिलते ही अनुबंधित बसों के मालिक भी घटनास्थल पर पहुंच गए और प्रदर्शन में शामिल हो गए। वार्ता के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की समीक्षा का आश्वासन दिया और उचित समाधान का भरोसा दिलाया। पूनम तोमर ने बताया कि हंगामा पूरी तरह शांत करा दिया गया है और बस संचालन सामान्य रूप से बहाल हो गया है।











Discussion about this post