मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी कस्बे में नगर पंचायत के पास विश्राम करने के लिए रुके कांवड़ियों ने कस्बे के ही एक युवक पर कांवड़ पर थूककर उसे तोड़ने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। कांवड़ियों ने आरोपी युवक के घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कांवड़ियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस और जिम्मेदार लोगों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया।
गाजियाबाद के मोदीनगर के रोरी गांव निवासी नरेंद्र शर्मा का पुत्र अंशुल शर्मा 25 जून को हरिद्वार से 101 लीटर गंगाजल लेकर पैदल आ रहा था, साथ में उसकी बहन मुस्कान 31 लीटर गंगाजल और उसका दोस्त मनीष भी 31 लीटर गंगाजल लेकर आ रहा था।
अंशुल शर्मा ने बताया कि सोमवार की तड़के तीन बजे वह पुरकाजी के नगर पंचायत के सामने आकर विश्राम को रूके थे। कांवड़ हाईवे पर रख दी थी। सुबह छह बजे अपनी बहन मुस्कान को छोड़कर निकट ही शौच के लिए चले गए। तभी बहन ने फोन पर बताया कि एक युवक ने उसकी कांवड़ पर थूक दिया है। जिससे कावड़ खंडित हो गई है।
आरोपित युवक फरार हो गया है। आरोपित विशेष समुदाय का बताया गया। घटना की जानकारी पर मौके पर कांवडियों ने हंगामा शुरु कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस व जिम्मेदार लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कावड़िया पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं थे। उत्तेजित कावड़ियों ने आरोपित युवक के घर में घुसने का प्रयास किया, मगर पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
घंटो तक कांवड़िए कांवड़ रखकर हंगामा करते रहे। उनकी मांग थी कि आरोपित को गिरफ्तार किया जाए। आरोपित विशेष समुदाय का बताया गया है। घंटो बाद पुलिस ने जिम्मेदार लोगो की मदद से हरिद्वार से गंगाजल मंगवाकर देने पर शांत हुए। थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि किसी व्यक्ति को कांवड़ मेले के दौरान अशांति फैलाने नहीं दी जाएगी। आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post