मुज़फ्फरनगर। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मिथलेश पाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट कर एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा। इस पत्र में उन्होंने क्षेत्र की आधारभूत संरचना, शिक्षा, परिवहन, खेल, पर्यावरण और धार्मिक पर्यटन से जुड़े अनेक अहम मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने का अनुरोध किया।
विधायक ने मीरापुर क्षेत्र की बदहाल सड़कों, लगातार हो रहे ट्रैफिक जाम, दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं, ग्रामीण इलाकों की मूलभूत आवश्यकताओं, शिक्षा संस्थानों की कमी और खेल सुविधाओं के अभाव को उजागर करते हुए सरकार से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
उन्होंने विशेष रूप से मुजफ्फरनगर मुख्यालय से शुक्रताली तीर्थ स्थल तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण का आग्रह किया। यह मार्ग मोरना और भोपा जैसे प्रमुख गांवों से होकर गुजरता है और पेपर मिलों एवं मोरना शुगर मिल के लिए भी अहम है। यहां ट्रैफिक की समस्या, दुर्घटनाएं और स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानियों को गंभीरता से उठाया गया।
विधायक ने शिवपुरी गांव में पुल निर्माण की मांग की, जिससे किसानों और आम ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
रामराज क्षेत्र में 20 बीघा भूमि पर एक डिग्री कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही, युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए एक आधुनिक स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना की मांग की गई है।
शुक्रतारी, इलाहाबाद, फिजोपुर, शुक्रतली और विहारगढ़ जैसे गांवों को जोड़कर एक नया नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव भी विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
विधायक ने क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और मरम्मत के लिए भी प्रस्ताव दिए, जिनमें फरीदपुर से हंसावाला (3 किमी), हंसावाला से गंगा बांध (1.8 किमी), जानसठ ब्लॉक से बिजनौर रोड (3 किमी सीमेंटेड), मलपुरा से तिसंग होते हुए तितौर (8 किमी), चुढ़ियाला से कुतुबपुर (2.5 किमी), तुलहेड़ी से हसनपुर मार्ग, और चुढ़ियाला पुल से सोहनकी पुल (4 किमी) प्रमुख हैं।
धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में शुक्रताली मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, सोलानी नदी पर पुल निर्माण और श्रद्धालुओं के लिए नालियों व सड़कों के निर्माण की भी मांग की गई।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शुक्रताली क्षेत्र में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की स्थापना का सुझाव दिया गया, ताकि जल प्रदूषण रोका जा सके और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था सुधारी जा सके।
विधायक श्रीमती मिथलेश पाल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इन सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता पर अनुमोदित कर कार्य प्रारंभ कराए जाएं, जिससे मीरापुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके और जनता को बेहतर जीवनशैली मिल सके।











Discussion about this post