मुज़फ्फरनगर। ओबीसी को 60 प्रतिशत आरक्षण और आरक्षण में वर्गीकरण, साथ ही कश्यप समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल कराने की मांग को लेकर पिछले एक सप्ताह से कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे मजदूर किसान यूनियन पार्टी के निश्चित कालीन धरने को बुधवार को उस वक्त नया बल मिला, जब ऑल इंडिया अवाम-ए-हिंद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम राव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।
नदीम राव ने धरनास्थल से ऐलान किया कि उनकी पार्टी मजदूर किसान यूनियन पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सामाजिक न्याय और संवैधानिक हकों की लड़ाई है, जिसमें हम पूरी ताकत से साथ देंगे। उन्होंने मांग की कि ओबीसी वर्ग को 60 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए और इसे चार श्रेणियों में विभाजित किया जाए, जिससे सबसे वंचित तबकों को भी लाभ मिल सके। साथ ही कश्यप समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की प्रक्रिया तेज की जाए।
धरनास्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए नदीम राव ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में हर सीट पर चुनाव लड़ेगी और दलितों, पिछड़ों और मजलूमों की आवाज को विधानसभाओं तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
धरना स्थल पर मजदूर किसान यूनियन पार्टी के कार्यकर्ताओं और अवाम-ए-हिंद पार्टी के समर्थकों की उपस्थिति में यह साझा मंच सामाजिक न्याय के लिए एकजुट संघर्ष का प्रतीक बन गया। आंदोलन को मिल रहे समर्थन से धरने को और मजबूती मिल रही है।











Discussion about this post