खतौली। आगामी कांवड़ यात्रा और मुहर्रम जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के मद्देनजर गुरुवार को तहसील सभागार में बुलाई गई शांति समिति की बैठक महज औपचारिकता बनकर रह गई। तय समय दोपहर 12:30 बजे की बैठक की सूचना अधिकांश लोगों को मात्र आधा घंटा पहले दी गई, वहीं खुद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी एक बजे के बाद पहुंचे। परिणामस्वरूप बैठक में गिनती के तीन लोग ही उपस्थित हो पाए।
सूत्रों के अनुसार, शांति समिति की बैठक में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण ठकराल और समाजसेवी असजद सैफी सहित केवल तीन लोग पहुंचे। नगर अध्यक्ष प्रवीण ठकराल ने बैठक में शिकायत की कि प्रशासन के अधिकारी उनका फोन तक नहीं उठाते, जिससे सुझाव देना या संवाद करना मुश्किल होता है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर अपने सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखे, जिन पर एसडीएम उज्ज्वल कुमार ने समय रहते कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक में एसडीएम उज्ज्वल कुमार, सीओ राम आशीष यादव, कोतवाल बृजेश कुमार शर्मा, पालिका ईओ राजीव कुमार, बीडीओ अरुण कुमार, नायब तहसीलदार रजित त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। लेकिन कस्बे के प्रमुख व्यापारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और धार्मिक-सामाजिक संगठनों के लोग बैठक से नदारद रहे।
अधिकारियों का कहना है कि कम उपस्थिति को देखते हुए अब शनिवार को फिर से एक पूर्ण और व्यवस्थित शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।










Discussion about this post