मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने मार्बल शोरूम से चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गौतमबुद्धनगर के गौर सिटी टावर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से 16 हजार रुपये नकद, पैन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ ज़ोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार के पर्यवेक्षण और पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में की गई।
थाना नई मंडी क्षेत्र के रहने वाले नितिन मित्तल ने 7 मई 2025 की रात अपने प्रतिष्ठान ‘मित्तल मार्बल्स’ के शटर तोड़े जाने और नकदी समेत दस्तावेज चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का आरोपी गौतमबुद्धनगर के गौर सिटी टावर में है। इसके बाद टीम ने दबिश देकर आरोपी आयुष बालियान पुत्र नरेश बालियान निवासी अंकित विहार, थाना नई मंडी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 7 मई की रात मित्तल मार्बल्स के शोरूम का ताला तोड़कर नकदी और कागजात चोरी किए थे। उसने बताया कि कुछ रुपये एक खेत में छिपा दिए थे और बाकी रुपये मौज-मस्ती में खर्च कर दिए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 16 हजार रुपये नकद और वादी के दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
थाना नई मंडी पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।











Discussion about this post