मुज़फ़्फ़रनगर : मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी रोहताश पाल की बेटी साक्षी की सगाई करीब तीन माह पूर्व कस्बा निवासी राजेश के बेटे अंकित से हुई थी। कुछ दिन पूर्व किसी बात को लेकर लड़के व लड़की के परिजनों में अनबन हो गई और उनका रिश्ता टूट गया। रिश्ता होने के बाद लड़का व लड़की एक दूसरे से मोबाइल फोन पर बात करने लगे। जिससे दोनों में प्रेम हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम साक्षी अपने घर से कस्बा थाने पहुंची और अंकित से शादी करने की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने लड़की के परिजनों को बुलाकर साक्षी की जिद के बारे में बताया। पहले तो लड़की के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने लड़की को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की ने उनकी एक न सुनी और अंकित से शादी करने की जिद पर अड़ी रही।
इसी बीच पुलिस ने कस्बे के समाजसेवी अरविंद पाल को बुलाकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद अरविंद पाल ने लड़की के परिजनों से बात की और लड़के के परिजनों को भी बुलाकर उनसे भी बात की। जिसके बाद दोनों पक्षों ने लड़के और लड़की की शादी करवाने पर सहमति जताई।
देर रात शहर पुलिस चौकी में लड़का और लड़की शादी के बंधन में बंध गए। शहर पुलिस चौकी प्रभारी धर्मेंद्र श्योराण और समाजसेवी अरविंद पाल ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और शगुन देकर विदा किया।











Discussion about this post