मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्ततम इलाके चौड़ी गली, नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के मकान में रह रहे अधेड़ दंपत्ति के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद पुष्टि की कि दंपति ने जहर खाकर आत्महत्या की है। मृतकों की पहचान अशोक गोयल और उनकी पत्नी पुष्पा रानी के रूप में हुई है, जो पिछले पांच-छह वर्षों से इसी इलाके में किराए पर रह रहे थे।
पुलिस को सूचना मृतक दंपति के पुत्र अनुभव गोयल द्वारा दी गई थी। उन्होंने बताया कि सुबह से न तो माता-पिता ने दरवाजा खोला और न ही फोन उठाया। सूचना पर तत्काल थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मकान मालिक की सहायता से पड़ोसी की छत से घर में प्रवेश किया गया। दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर प्रवेश करने पर दोनों शव जमीन पर पड़े मिले।
पास ही रखी मेज पर दो गिलासों में सल्फास घुला मिला और पास में सल्फास की खाली पुड़िया भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। दंपति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अशोक गोयल कुछ समय पूर्व कैंसर का ऑपरेशन करवा चुके थे और उनकी पत्नी पुष्पा शुगर की मरीज थीं। इसके अलावा व्यापार में घाटा और बड़े पुत्र की कुछ समय पहले हुई मृत्यु के कारण दोनों मानसिक तनाव में थे। मकान मालिक को पिछले पांच-छह महीने से किराया भी नहीं दिया गया था, जिससे उनकी आर्थिक तंगी और गहराती जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि इस आत्महत्या के पीछे बीमारी, बेटे की मृत्यु, व्यापार में घाटा और आर्थिक दबाव जैसी कई गंभीर परिस्थितियां जिम्मेदार हो सकती हैं। आगे की जांच जारी है और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।










Discussion about this post