मुजफ्फरनगर। जिले के अंसारी रोड निवासी हाजी अनवर द्वारा कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाने का एक वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मच गया है। मामले को लेकर हिन्दू संगठनों और बघरा योग आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने नाराजगी जताते हुए आरोपी को जेहादी मानसिकता वाला व्यक्ति बताया और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि यह कृत्य भारत माता और हमारी वीर सेना का अपमान है। ऐसे देश विरोधी तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। पुलिस 24 घंटे के भीतर हाजी अनवर को गिरफ्तार करे और जेल भेजे।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो हिंदू समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। उन्होंने यह भी मांग की कि आरोपी के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद हाजी अनवर ने मीडिया के सामने सफाई दी है। उन्होंने कहा मैं पक्का हिंदुस्तानी हूं। यह वीडियो 4-5 महीने पुरानी है, जब पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था। उस वक्त मेरे बच्चों के कोच आकाश चौधरी के साथ हंसी-मजाक हो रही थी। उसी दौरान आकाश ने मुझे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ बोलने को उकसाया और वीडियो बना लिया। अब वह मुझे इस वीडियो को वायरल करने की धमकी दे रहा था, और आखिरकार उसने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।”
घटना को लेकर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वीडियो की फोरेंसिक जांच की जा रही है और आरोपी व वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post